एक वोट को लेकर दो प्रत्याशियों के अभिकर्ता बूथ पर झगड़ने लगे। इसको लेकर यहां दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ कर मामला शांत कराया।
ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत धुंधरी में दोपहर तक मतदान ठीक-ठाक चलता रहा। करीब दो बजे एक वोट को लेकर प्रधान पद के प्रत्याशी मोहम्मद साबिर के अभिकर्ता शाकिर और प्रत्याशी इंद्रपाल के अभिकर्ता कुंदनलाल के बीच कहासुनी हो गई। बूथ पर मौजूद पुलिस कर्मी उन्हें शांत कराते इससे पहले ही दोनों में धक्का-मुक्की होने लगी। जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए और बूथ पर हंगामा करने लगे। इस बीच सूचना पर मिलने पर अमरिया पुलिस की गश्ती टीम वहां पहुंच गई। पुलिस के समझाने के बाद भी दोनों पक्षों के शांत न होने पर पुलिस ने डंडे फटकराने शुरू किए। पुलिस को बल प्रयोग करते देख हंगामा कर रहे लोग भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस ने दोनों अभिकर्ताओं को कार्रवाई की चेतावनी देकर शांत करा दिया। इसके चलते करीब 15 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। इस बाबत एसओ अमरिया रेहान खां ने बताया कि डंडे नहीं फटकारे गए। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।