कवीरपुर कसगंजा में प्रदर्शन करते ग्रामीण।स्रोत:ग्रामीण
घुंघचाई। गांव कबीरपुर कसगंजा में सीसी मार्ग का निर्माण होने के बाद दोनों किनारों पर मिट्टी व इंटरलाकिंग का कार्य नहीं कराया गया है। इससे सीसी मार्ग से वाहन नहीं निकल पा रहे है। परेशान ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को विरोध-प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग की।
थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर कसगंजा में कुछ माह पहले लाखों रुपये की लागत से सीसी मार्ग का निर्माण कराया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद मार्ग के दोनों किनारों पर न ही मिट्टी डाली गई और न ही इंटरलॉकिंग कार्य कराया गया।
इसके चलते सड़क की चौड़ाई कम हो गई। वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि इस मार्ग से स्कूली वाहन बच्चों को लेने आते-जाते हैं। अधूरे कार्य से नाराज ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन कर सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी डलवाने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में ईश्वर दयाल, मुन्ना लाल, रमाकांत, लालू, राम बेटी, जंग बहादुर, सोनू, रोहित सहित कई लोग शामिल रहे।