पीलीभीत में विद्युत निगम की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। जेई का आरोप है कि वह टीम के साथ बिल वसूलने गांव में गए थे, जहां ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। उनका गला दबाने का प्रयास किया।
पीलीभीत में बिजली बिल वसूलने ग्राम गुलड़िया दुल्हन पहुंचे विद्युत निगम के जेई और उनकी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोप है कि 15 लोगों की भीड़ ने मारपीट कर जेई का गला दबाने की कोशिश की। वसूली करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। जेई की तहरीर पर न्यूरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के भिखारीपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ओमप्रकाश ने थाना न्यूरिया पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 19 जुलाई को टीम के साथ ग्राम गुलड़िया दुल्हन में बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए गए थे। इसी समय गांव के ही रजा बख्श, फुरकान, मोहम्मद माजिद समेत करीब 15 लोग आ गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने उनके व टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और गांव में बिल चेक करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र मावी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।