जहानाबाद। गांव कल्यानपुर निवासी ग्रामीण की मौत से भड़के परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों काे शांत कराकर शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद झोलाछाप भाग गया।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव कल्यानपुर निवासी रामभरोसे (50) पुत्र अयोध्या बृहस्पतिवार की दोपहर कस्बे के बिलई तिराहे पर स्थित क्लीनिक में इलाज कराने पहुंचे थे। इलाज के दौरान रामभरोसे की मौत हो गई। पता चला तो परिजन और ग्रामीण पहुंचे। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इलाज का आरोप लगाकर क्लीनिक पर हंगामा किया। आरोप है कि क्लीनिक संचालन झोलाछाप चिकित्सक कर रहा है। उसके गलत इंजेक्शन लगाने से रामभरोसे की जान चली गई। हंगामे की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन, झोलाछाप को पकड़ने की मांग पर अड़ गए। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है।