पीलीभीत। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया शुरू होने के बीच शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला और बंद किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि चार सितंबर को ईवीएम की एफएलसी के प्रयोजन से वेयरहाउस को वीडियोग्राफी के बीच खोला गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोबारा बंद कर दिया गया। ईवीएम वेयरहाउस खोलने और बंद करने की पूरी कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई गई। इस दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वेयरहाउस खोलने और बंद करने के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला महासचिव नरेश चंद्र शुक्ला, भारतीय जनता पार्टी के नगर उपाध्यक्ष अवतार सिंह, कांग्रेस के बरखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हरीश कुमार सिंह, बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार और कार्यकर्ता भूपेंद्र कुमार तथा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अशोक कुमार सैनी उपस्थित रहे।
एफएलसी में ईवीएम की होगी जांच
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया कराई जा रही है। एफएलसी का उद्देश्य चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम की कार्यप्रणाली और स्थिति की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच करना है। पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और निर्धारित सुरक्षा मानकों के बीच कराई जाती है।
-
ईवीएम की सुरक्षा को लेकर निर्धारित प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम के भंडारण और सुरक्षा से संबंधित विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के ईवीएम मैनुअल में निर्धारित है। इसमें ईवीएम के सुरक्षित भंडारण, वेयरहाउस खोलने और बंद करने सहित अन्य प्रक्रियाओं का उल्लेख किया गया है। निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। ईवीएम से संबंधित विस्तृत जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। संवाद