पीलीभीत। किसानों के मुद्दों पर ट्वीट करके लगातार चर्चा में रहे भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अब युवाओं का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सोमवार को सुबह 9.40 बजे ट्वीट कर शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की घटना को लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया है।
सांसद ने सरकार से पूछा है कि राजनीतिक संरक्षण वाले शिक्षा माफिया पर कब कार्रवाई होगी। वरुण गांधी ने यह भी कहा है कि इस दलदल की छोटी मछलियों पर कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। सरकार उनके राजनैतिक संरक्षक, शिक्षा माफिया पर कठोर कार्रवाई करे। क्योंकि अधिकांश शिक्षण संस्थानों के मालिक राजनैतिक रसूखदार हैं। सरकार से उनका सवाल है कि ऐसे रसूखदारों पर कार्रवाई कब होगी।
ट्वीट के साथ वीडियो भी किया पोस्ट
सांसद ने ट्वीट के साथ 32 सेकेंड का एक वीडियो भी पोस्ट किया है। जिसके जरिए उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझाने का प्रयास किया है। साथ ही बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया है। वीडियो में एक राजमिस्त्री कह रहा है कि हमें रोटी, कपड़ा नहीं शिक्षा चाहिए। अगर बेहतर शिक्षा मिलेगी तो रोजगार के साथ हम रोटी और कपड़ा तो हासिल कर ही लेंगे।