बराही रेंज के फैजुल्लागंज बीट में 29 जनवरी को ग्रामीणों और वनकर्मियों
में हुए विवाद में 50 ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद गांव के लोग
डीएम से मिले। डीएम के निर्देश पर ग्रामीणों ने थाने में तहरीर दी है।
पुलिस ने मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने में तलब किया है।
टाइगर
रिजर्व की बराही रेंज में पड़ने वाली फैजुल्लागंज बीट में 29 जनवरी की रात
वनकर्मियों ने जलौनी लकड़ी लेकर आ रहे दो युवकों की पिटाई कर दी थी। विरोध
में ग्रामीणों ने भी वनकर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया था। इस मामले में
ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इसकी जानकारी पर ग्रामीण डीएम से
मिले और वनकर्मियों पर टाइगर रिजर्व बनने के बाद जंगल से सटे गांव के लोगों
को परेशान करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते की
वनकर्मी टार्च लेकर घरों में घुसने लगते हैं और गाली गलौज करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गरीब होने के कारण उन लोगों को ईधन, घासफूस आदि के
लिए जंगल का सहारा है, लेकिन वनकर्मी उन्हें परेशान करते हैं।
29 जनवरी की
घटना में भी ग्रामीणों ने उन्हें झूठा फंसाने का आरोप लगाया। इस पर डीएम ने
पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम से मिलने के बाद ग्रामीण थाने
पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर वनकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। एसओ
राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को मंगलवार को बुलाया गया है। यदि
दोनों पक्ष सहमत नहीं होते हैं तो ग्रामीणों की ओर से भी मुकदमा दर्ज कर
कार्रवाई की जाएगी।