यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के पदाधिकारियों ने प्रमुख सचिव वित्त और निदेशक कोषागार को ज्ञापन भेजकर बेसिक शिक्षा विभाग में वित्त एवं लेखाधिकारी की स्थाई नियुक्ति कराने की मांग की है।
यूटा के जिलाध्यक्ष राजेश मिश्र के नेतृत्व में भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से स्थाई वित्त एवं लेखाधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है। कभी कभी दूसरे विभाग के लेखाधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार दे दिया जाता है। इससे शिक्षकों को वेतन/पेंशन आदि के भुगतान तथा स्वीकृतियों में अनावश्यक विलंब होता है। वर्तमान में लेखाधिकारी का अतिरिक्त जार्च वरिष्ठ कोषाधिकारी के पास है और वरिष्ठ कोषाधिकारी के पास ही डीआईओएस और सीएमओ कार्यालय का भी अतिरिक्त कार्यभार है। लिहाजा वे बेसिक शिक्षा विभाग को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। इसके चलते वेतन और अन्य भुगतान समय से नहीं हो पाते हैं। इससे शिक्षकों में रोष है। ज्ञापन में बेसिक शिक्षा विभाग में किसी स्थाई लेखाधिकारी की नियुक्ति/व्यवस्था कराने की मांग की गई। ज्ञापन भेजने वालों में जिला संयोजक फुरकान हाशमी, जिला महामंत्री मुजीब साहिल, कोषाध्यक्ष केके सागर आदि शामिल रहे।