पीलीभीत। यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों को दिए जाने वाले अंकपत्र इस बार खास होंगे। मार्कशीट न फटेगी और न ही गलेगी। पत्र में लगे विशेष मोनोग्राम का रंग धूप में लाल हो जाएगा। छांव में इसका रंग बदल जाएगा। डीआईओएस कार्यालय में मार्कशीट पहुंचने के बाद विद्यालयों में वितरण करने पर जोर देने शुरू कर दिया गया।
यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम 25 अप्रैल को जारी होने के बाद से ही छात्र-छात्राओं को उच्च कक्षाओं में प्रवेश के लिए अंकपत्र की जरूरत पड़ने लगी है। जिले में उत्तीर्ण हाईस्कूल के 21,304 और इंटरमीडिएट के 19,490 विद्यार्थी शामिल रहे थे। परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थी डिग्री कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रयासों में जुट गए।
इसके लिए अंकपत्र की जरूरत बढ़ गई। अब तक आवेदन के लिए अभ्यर्थी इंटरनेट से निकालकर अंक पत्र लगा रहे थे। अब विभाग की ओर से अंकपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। लंबे इंतजार के बाद तीन दिन पूर्व क्षेत्रीय कार्यालय बरेली से हाईस्कूल और इंटर के अंकपत्र डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध करा दिए गए। इसके वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बार अंकपत्र खास होगा। यह मार्कशीट फटेगी और न ही गलेगी।
अंकपत्र में लगे विशेष मोनोग्राम का रंग धूप में लाल हो जाएगा और छांव में इसका रंग बदल जाएगा। बताया कि मार्कशीट में फ्लोरोसेंट लोगो और नंबरिंग केवल यूवी लाइट में दिखेगी, ताकि असली व नकली में आसानी से फर्क किया जा सके। मार्कशीट ए-4 आकार की होगी। अंक पत्र पर एक विशेष प्रकार की स्याही का इस्तेमाल किया गया है।
इससे चाय, कॉफी या कोई भी पेय पदार्थ गिरने वह खराब नहीं होगी। कपड़े से पोछते ही वह आसानी से साफ हो जाएगा। इस अंक पत्र पर लैमिनेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी। डीआईओएस अचल कुमार ने बताया कि इस बार मार्कशीट विद्यार्थियों के लिए खास होगी।