ईदगाह रेलवे क्रासिंग पर टूटा पड़ा बैरियर। स्रोत विभाग।
पीलीभीत। अनियंत्रित ट्रक ने ईदगाह रेलवे क्राॅसिंग के फाटक को तोड़ दिया। इसके बाद डेमू ट्रेन, दौराई एक्सप्रेस और पीलीभीत-बरेली पैसेंजर ट्रेन काे स्लाइडिंग बूम के सहारे निकाला गया। क्राॅसिंग पर तैनात कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने आरोपी चालक को ट्रक समेत गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार की सुबह करीब 6:20 बजे ईदगाह रेलवे क्राॅसिंग 203/ए पर टाइगर तिराहे की ओर से आ रहे रेत भरे ट्रक ने बूम में टक्कर मार दी। इससे चालक ट्रक लेकर भाग नहीं सका। क्राॅसिंग पर तैनात कर्मचारियों ने चालक को पकड़ लिया। बाद में मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ ने चालक को पकड़ा और थाने ले गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर मोहम्मद शकील ने बताया कि गेटमैन सूरज की तहरीर में अमरिया क्षेत्र के ट्रक चालक इकबाल अहमद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच एसआई जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
-
बैरियर टूटने से ईदगाह तक लगा लंबा जाम
-शहर के अंदर प्रवेश करने के लिए अधिकांश लोग टाइगर तिराहा होते हुए ईदगाह रेलवे क्राॅसिंग से प्रवेश करते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर वाहनों का दवाब भी अधिक रहता है। मंगलवार को हादसे के बाद ईदगाह रेलवे क्राॅसिंग से लेकर टाइगर तिराहे तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
35 हजार से अधिक का हुआ नुकसान, घंटों चली मरम्मत
ट्रक की चपेट में आकर बैरियर टूटने में करीब 35 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची विभागीय टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद इस बैरियर की सही किया। इसके बाद ट्रेनों को गुजरा गया।