पीलीभीत। असम हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से गांव सिंधोरा बिंदुआ निवासी चालक शिवम (20 साल) की मौत हो गई। हादसा पूरनपुर गेट पुलिस चौकी के समीप हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
कोतवाली दियोरिया क्षेत्र के ग्राम सिंधोरा बिंदुआ निवासी शिवम पुत्र गोधन लाल ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर शहर की एलएच शुगर फैक्टरी जा रहा था। शाम करीब 3:30 बजे पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर असम चौराहे के पास पूरनपुर गेट पुलिस चौकी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया मामले की जांच की जा रही है। अचानक संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह बताई जा रही है।