गांव बबुरा में रोते बिलखते परिजन । संवाद
बिलसंडा। इलाबांस देवल के मेले से लौटते समय हुए हादसे में जान गंवाने वाले गांव बबूरा के तीनों मृतकों के शव का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल में किया गया। तीन मौतों से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा है। विधायक विवेक वर्मा ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
बुधवार को गांव के नौ श्रद्धालु ई-रिक्शा से थाना दियोरिया क्षेत्र के गांव इलाबांस देवल में स्थित प्राचीन देवी मंदिर परिसर में चल रहे मेले में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान वीर सिंहपुर चौराहे पर सामने की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार सभी श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल श्रद्धालुओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गांव बबूरा के रहने वाले राहुल (14 ) उनकी मां अन्नपूर्णा (40) को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसी गांव की रहने वाली रामवती उर्फ जशोदा देवी (60 )को भी मृत घोषित कर दिया गया। एक साथ तीन शवों को देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
पोस्टमाॅर्टम के बाद गांव में जब तीनों के शव पहुंचे तो मातम छा गया। हर किसी की जुबान पर इस हादसे की चर्चा रही। एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत से परिजनों में चीत्कार मचा रहा। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा, विधायक विवेक वर्मा, एसडीएम नागेंद्र पांडेय और एसओ सिद्धांत शर्मा ने गांव पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दी। उनको हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। इसके बाद दोपहर के बाद गमगीन माहौल में तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव बबुरा में रोते बिलखते परिजन । संवाद