मिश्रित आबादी व संवेदनशील प्वाइंटों पर रहेगी विशेष नजर
एएसपी बनाए गए नोडल अफसर, थाना प्रभारियों को सौंपी जिम्मेदारी
होली के दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर गली मोहल्लों तक खाकी का पहरा रहेगा। होली के नाम पर हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटने की तैयारी की गई है। सुरक्षा चार्ट तैयार कर पुलिसकर्मियों को सख्ती से ड्यूटी के निर्देश दिए गए। वही एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव को सुरक्षा का नोडल अफसर बनाया गया है।
सोमवार को रंगों की बरसात के बीच शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को दो जोन व नौ सेक्टर में बांटा गया है। दो दर्जन अस्थाई पिकेट प्वाइंट बनाए गए है। जहां सुबह से पुलिस तैनात रहेगी। थाना प्रभारियों को क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले व संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर के निर्देश हैं। एसएसआई के नेतृत्व में मोबाइल पार्टी अलग से बनाई गई है, जो क्षेत्र में भ्रमण कर शरारत करने वालों पर नजर रखेंगे। सीओ सिटी अनुराग दर्शन ने बताया कि होली को लेकर सुरक्षा इंतजाम सख्त किए गए है। किसी तरह का हुड़दंग या गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेवजह विवाद की स्थिति बनाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कोतवाली व सुनगढ़ी पुलिस को रिजर्व फोर्स भी दिया गया है।