पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे और शहर के करीब से गुजरे लदपुरा बाइपास पर हुए हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इन हादसों में सात लोग गंभीर घायल हुए हैं। हाईवे पर पूरनपुर नगर के समीप रोडवेज और कार की टक्कर में लखनऊ निवासी युवक की मौत हो गई। युवक उत्तराखंड के टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि धाम जा रहा था।
फोटो:
कार व रोडवेज बस की टक्कर, लखनऊ के छात्र की मौत
-मां पूर्णागिरि के दर्शन करने जा रहे थे कार सवार युवक
पूरनपुर (पीलीभीत)। पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर सोमवार तड़के करीब 4:15 बजे रोडवेज बस और कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार लखनऊ के थाना काकोरी के गांव महमूदपुर माटीपुर निवासी अभिषेक यादव (22) की मौत हो गई। चार अन्य युवक गंभीर घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक बीए का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
हादसा असम (पीलीभीत-पूरनपुर) हाईवे पर गांव हरसिंपुर मोड़ के समीप हुआ। कार में सवार युवक लखनऊ से उत्तराखंड में मां पूर्णागिरि के दर्शन को जा रहे थे। मोड़ के समीप सामने से आई नजीबाबाद डिपो की रूपैडिहा-बहराइच जा रही रोडवेज बस और कार की टक्कर हो गई। हादसे में लखनऊ के महमूदपुर माटीपुर थाना काकोरी निवासी अभिषेक यादव (22), लखनऊ के ही गांव रहीमाबाद निवासी शिवम (24), उसका भाई सचिन (26) इसी गांव के सागर (20), लखनऊ के थाना गोसाईंगंज निवासी अजीत सिंह उर्फ अनु यादव (25) घायल हो गए।घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया।
कार अजीत सिंह चला रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। चारों घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसेे के बाद हाईवे पर जाम लगा गया। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे एसएसआई राजीव कुमार ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाया। तब जाम समाप्त हुआ। एसएसआई ने बताया कि अभिषेक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह बीए की पढ़ाई कर रहा था।
इकलौते पुत्र की मौत पर बेसुध हो गए माता-पिता
हादसे की सूचना सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने अभिषेक और अन्य घायलों के परिजन को मोबाइल पर दी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सीएचसी पहुंचे अभिषेक के पिता और मां इकलौते पुत्र का शव देखकर बेसुध हो गए। साथ आए लोगों ने उनको बमुश्किल ढांढ़स बधाया।
अन्य वाहनों से गंतव्य को रवाना हुई सवारियां
रोडवेज बस में 20 सवारियां थीं। हादसा पर बस में सवार यात्रियों में कोहराम मच गया। गनीमत रही किसी को चोट नहीं आई। सवारियां हाईवे पर कुछ देर इंतजार कर अन्य वाहनोंं से अपने गंतव्य को रवाना हुईं। हादसे के बाद चालक-परिचालक भाग गए।
-
दो बाइकों की भिड़ंत, पति की मौत, पत्नी घायल
पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में पूरनपुर गेट पुलिस चौकी के समीप रविवार की देर शाम लदपुरा बाइपास के पास दो बाइकों की भिड़ंत में ग्राम बिलगवां निवासी पति की मौत हो गई। पत्नी की हालत गंभीर है। दूसरी बाइक पर सवार लोग भी घायल हुए हैं।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम बिलगवां में रहने विनोद (35) पुत्र डोरीलाल अपनी पत्नी जशोदा देवी के साथ मोटरसाइकिल से बरखेड़ा से लौट रहे थे। इस बीच लदपुरा बाईपास के समीप छह बजे उनकी बाइक और सामने से आ रही मोटर साइकिल में भिंड़त हो गई। हादसे में विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी यशोदा गंभीर घायल हो गईं। दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हुए हैं। मृतक विनोद के तीन बच्चे हैं। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।