सैजनिया गांव निवासी भानू प्रताप (28 वर्ष) पुत्र नंदलाल और तंशुक (35 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद बाइक से अपने गांव जा रहे थे। सड़िया नहर पुल के पास न्यूरिया की ओर से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चला रहे भानू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तंशुक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों के परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी दिगंबर सिंह और उपनिरीक्षक जगदीश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं।