गजरौला। पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में लकड़ी से भरा ट्रक क्षतिग्रस्त और उसका चालक घायल हो गया, जबकि दूसरा ट्रक चालक वाहन समेत मौके से भाग गया।
उत्तराखंड के लालकुआं निवासी पूरनलाल अहमदाबाद से ट्रक में लकड़ी भरकर लालकुआं लौट रहे थे। सुबह करीब पांच बजे गजरौला पेट्रोल पंप ढाबे के पास सामने से आ रहा एक खाली ट्रक तेज रफ्तार की वजह से अनियंत्रित होकर उसके ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी भरा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक पूरनलाल घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरा ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बने ढाबों और होटलों के आगे खड़े भारी वाहन अक्सर सड़क पर अतिक्रमण कर लेते हैं, इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।