बीसलपुर। एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बृहस्पतिवार को गांव चुर्रासकतपुर और खांडेपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्हें दोनों स्वास्थ्य केंद्र बंद मिले l
एसडीएम को पता चला कि ये दोनों स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित समय के बाद खुलते हैं और निर्धारित समय से पहले ही बंद हो जाते हैं। एसडीएम इस शिकायत की पुष्टि करने के क्रम में बृहस्पतिवार दोपहर 2:30 खांड़ेपुर और तीन बजे चुर्रा सकतपुर पहुंचे। एसडीएम को दोनों अस्पताल बंद मिले। नियमानुसार दोनों केंद्र शाम छह बजे तक खुलने चाहिए। एसडीएम ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों से फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने दोनों स्वास्थ्य केंद्र पर नियंत्रण करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलमगीर से इन दोनों के स्वास्थ्य केंद्रों के समय से पहले बंद होने के संबंध में तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट उन्होंने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को भेज दी है। संवाद
-