आईएमए चिकित्सकों के साथ डीएम, सीएमओ। संगठन
पीलीभीत। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर बुधवार शाम इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) पीलीभीत की ओर से एक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान किया गया व समाज के प्रति उनके योगदान को सराहा गया।
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि चिकित्सक केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीसी पंत व विशेष अतिथि एसीएमओ डॉ. ज्ञान प्रकाश ने भी चिकित्सकों की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में वर्ष 1993 एमबीबीएस बैच के डॉ. गीतांजलि मिश्रा व डॉ. सौरभ अग्रवाल को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऋतु गुप्ता एवं डॉ. रश्मि सेठी द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। डॉ. रश्मि सेठी ने डॉ. बीसी राय के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डाला। समारोह में आईएमए पीलीभीत के संरक्षक डॉ. एसके अग्रवाल, डॉ. रश्मि प्रकाश, डॉ. एचसी सचान, डॉ. मधु सचान, डॉ. पीडी सिंह, डॉ. केएन तिवारी, डॉ. जेएस तलवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आईएमए सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने किया, जबकि आईएमए अध्यक्ष डॉ. भारत सेठी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संवाद