पूरनपुर। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो को गोली मारने की घटना में पुलिस ने राइस मिलर संगठन के संरक्षक अजमेर सिंह छीना समेत दो खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। कार्रवाई की भनक लगने के बाद राइस मिलर संगठन के पदाधिकारियों ने झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का आरोप लगाकर हड़ताल शुरू कर दी। रिपोर्ट वापस न होने तक कारोबार न करने की चेतावनी दी गई।
भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो ने बताया कि खुटार की ओर से ट्राॅली से धान ला रहे किसान कुलदीप सिंह पन्नू को रोकने की कोशिश पर उसने यूनियन के नेताओं को जान से मारने की नियत से गुरविंदर सिंह, जगरूप सिंह, नगेंद्र सिंह पर ट्रैक्टर-ट्राॅली चढ़ा दी।
राइस मिलर नेता अजमेर सिंह के उकसाने पर कुलदीप सिंह ने गोली मारकर उसे घायल कर दिया। इधर, रिपोर्ट दर्ज होने के विरोध में बृहस्पतिवार को राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता की राइस मिल में पदाधिकारियों बैठक हुई। बैठक में किसान नेता अजमेर सिंह छीना के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का तर्क देकर रोष व्यक्त किया गया।
तय हुआ कि जब तक एसोसिएशन के संरक्षक के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर वापस नहीं होती, तब तक कारोबार नहीं किया जाएगा। राइस मिलर्स का आरोप है कि किसान यूनियन की आड़ में कुछ लोग राइस मिलर्स से 10 लाख रुपये की मांंग कर रहे थे। इसके विरोध पर विवाद शुरू किया गया है।
राइस मिलर्स से अभद्रता की गई। जिसे सहन नहीं किया जाएगा। बैठक में विनय गुप्ता, अशोक खंडेलवाल, हर्ष गुप्ता, अमरजीत सिंह, हरीओम गंगवार, राजीव गुप्ता, सर्वजीत सिंह आदि राइस मिलर मौजूद रहे। सीओ प्रतीक दहिया ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना के निर्देश दिए गए हैं।