गजरौला। थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर में रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चलने से सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल कराया है।
ग्राम जैतपुर निवासी सियाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ अगस्त की शाम करीब सात बजे गांव के ही अनिल, विकास और महेंद्र ने शराब के नशे में रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों के साथ भगवानदास की पत्नी राजकुमारी भी घर में घुस आई और मारपीट करने लगी। आरोप है कि बचाने आए पुत्र राजाराम और पत्नी पार्वती देवी पर भी हमला किया गया, इससे तीनों घायल हो गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं, दूसरे पक्ष के विकास कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि रात करीब नौ बजे उसकी बाइक दरवाजे के पास खड़ी थी। इसको लेकर उसकी और भाई अनिल की कहासुनी हो गई। इस दौरान पड़ोस के राजाराम वीडियो बनाने लगे। मना करने पर राजाराम के साथ सियाराम, पार्वती और सरस्वती देवी आ गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बचाने आई उसकी मां राजकुमारी और पिता भगवानदास को भी पीटा गया। थाना प्रभारी बृजवीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।