पुलिस ने 145 लीटर डीजल सहित अन्य सामान किया बरामद
पीलीभीत। सड़क किनारे खड़े होने वाले ट्रक व अन्य वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों से 145 लीटर डीजल व अन्य सामान को बरामद किया है।
कस्बा न्यूरिया निवासी मोहम्मद फईम ने 14 मई को थाना न्यूरिया में तहरीर देकर बताया था कि ट्रक संख्या यूपी 25 सीटी 4801 के डीजल टैंक से करीब 37 हजार रुपये का डीजल, तीन हजार रुपये नकद और ट्रक की आरसी चोरी हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बसंतापुर के खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग कार खड़ी कर किसानों को सस्ते दामों में डीजल बेच रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से भाग गए।
पुलिस ने जिला बरेली के थाना हाफिजगंज के गांव अल्हिया निवासी दीपक और पीलीभीत जिले के थाना गजरौला थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर नौगवां निवासी रामकुमार को गिरफ्तार कर दिया। पुलिस ने गाड़ी संख्या यूपी 15 बीजेड 7207 से चार प्लास्टिक कैनों में भरा 145 लीटर डीजल, ट्रक की आरसी और चोरी में प्रयुक्त अन्य सामान को भी बरामद किया है।
जुर्म को आरोपियों ने स्वीकारा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे होटल, पेट्रोल पंप और सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर किसानों व अन्य लोगों को कम कीमत पर बेचते थे। आरोपियों ने न्यूरिया क्षेत्र में हुई डीजल चोरी की घटना भी स्वीकार की है। थानाध्यक्ष सुभाष माबी ने बताया कि भागे आरोपी सौरभ निवासी भैंसा ग्वालपुर और लोकेश उर्फ गंज निवासी कबूलपुर थाना बरखेड़ा की तलाश में दबिश दी जा रही है। संवाद