पीलीभीत में फरवरी माह के दौरान दो अलग-अलग कॉलोनियों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने कर दिया है। कोतवाली और सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में बंद मकानों से की गई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड के खटीमा, बरेली व सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया है।
एसपी सुकीर्ति माधव ने सोमवार शाम पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि 14 फरवरी को सदर कोतवाली क्षेत्र की तिरुपति कॉलोनी निवासी धीरज अग्रवाल के घर से चोरों ने नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में धीरज अग्रवाल की पत्नी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 17 फरवरी को थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की वल्लभनगर कॉलोनी में इंजीनियर हरीश कुमार के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में भी अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एएसपी विक्रम दहिया के नेतृत्व में कोतवाली नगर, सुनगढ़ी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की।
सोमवार सुबह हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश उत्तराखंड और बरेली से जुड़े हैं। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर सोमवार सुबह छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। थाना सुनगढ़ी लाकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के थाना खटीमा के मोहल्ला नई बस्ती इस्लामनगर निवासी अकील, उसकी पत्नी सिम्मी बी व रिजवान, शहर के सुनगढ़ी क्षेत्र के इस्लामनगर नौगवा पकड़िया निवासी फैजान और बरेली जिले के थाना शेरगढ़ के शिव मंदिर क्षेत्र निवासी दीपक गुप्ता उर्फ जगद, उसकी पत्नी किरण गुप्ता के रूप में हुई है।