परिजनों के मुताबिक, ललित 11 फरवरी की शाम कुआं खेड़ा गांव में एक बरात में शामिल होने गया था। रात होने के बावजूद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार प्रयासों के बाद भी सुराग न मिलने पर 14 फरवरी को थाना न्यूरिया में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बिठौरा खुर्द गांव के पास एक गेहूं के खेत में शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुभाष मावी हल्का इंचार्ज अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त ललित कुमार के रूप में की। शव खेत में पड़ा होने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। थाना अध्यक्ष सुभाष मावी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। शव मिलने के बाद मृतक के गांव उल्हेतापुर में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।