ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन ने गांव शिवपुरिया निवासी 65
वर्षीय पातीराम को कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। उधर, शाही के पास
कंटेनर के पेड़ से टकराने से गांव हरचुइया निवासी 26 वर्षीय मनोज की मौत हो
गई, जबकि उसका साला व एक अन्य युवक घायल हो गया। ललौरीखेड़ा चौकी इंचार्ज
के बयानों पर गुस्साए लोगों ने बरेली हाइवे जाम कर दिया। इससे नाराज चौकी
इंचार्ज ने सड़कों पर डंडे फटकार कर भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया। सूचना
पर पहुंचे इंस्पेक्टर सुनगढ़ी ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
गांव
शिवपुरिया निवासी पातीराम का ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास चाय की दुकान
है। वह शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे साइकिल से दवा लेने पीलीभीत जा
रहे थे। चौकी से 50 कदम दूरी पर बरेली की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल
दिया। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई,
लेकिन चौकी पुलिस पौन घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोग आक्रोषित
हो गए।
इसी बीच किसी ने चौकी इंचार्ज को हाइवे पर जाम लगाने के प्रयास
की सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंच गए। कुछ
लोगों ने जब देरी से आने पर नाराजगी जताई तो चौकी इंचार्ज भड़क गए। उनके
बयानों पर भड़के लोगों ने बरेली हाइवे पर जाम लगा दिया। चौकी इंचार्ज ने
डंडे फटकार कर भीड़ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों के उग्र होने पर
वह वह खुद चौकी पर भाग गए।
सूचना पर इंस्पेक्टर सुनगढ़ी बृजेश सिंह,
एसओ जहॉनाबाद मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह से शांत
कराया। उधर थाना जहॉनाबाद के गांव मीरापुर निवासी घायल चालक संजीव ने बताया
कि वह कंटेनर लेकर पीलीभीत आ रहा था। बरेली में गांव हरचुइया निवासी उसके
बहनोई मनोज मिल गए। वह मनोज व बरेली के थाना क्यूलडिया के गांव डेहली
निवासी आलोक को बैठाकर वहां से चला।
शाही चौकी के पास कोहरे के कारण
कंटेनर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। जिससे तीनों लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां मनोज
को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम
मच गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
चौकी इंचार्ज ने क्या कहा था
चौकी
इंचार्ज मनोज यादव जब मौके पर पहुंचे तो वहां पर मौजूद मृतक के परिवार के
चित्ररेस और भूपराम ने उन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस पर चौकी इंचार्ज
ने कहा कि इस बुड्ढे की कब तक कमाई खाते रहोगे, मर गया तो हम क्या करें?
इतना ही नहीं जब सुनगढ़ी और थाना जहॉनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची तो भी
दरोगा ने यह कहकर कि मैं यादव हूं आज नहीं तो कल तुम्हे देख लूंगा? इससे एक
बार लोग फिर भड़क गए, इस पर इंस्पेक्टर और एसओ ने चौकी इंचार्ज को फटकार
लगाई और भीड़ को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए। लेकिन
पुलिस ने लोगों को किसी तरह समझाबुझाकर उनको शांत कराया।
000
चौकी
इंचार्ज की बात करने का लहजा ठीक नहीं था। इस वजह से लोग भड़क गए थे।
हालांकि लोगों को मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर शांत करा दिया गया।
- बृजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी