पूरनपुर। गांव गैरतपुर के समीप दो कॉलोनियों को शनिवार को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया। जांच में 11 और कॉलोनियां अवैध पाई गई हैं। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है।
पूरनपुर क्षेत्र में पिछले कई सालों से अवैध कॉलोनियों के विकसित होने का सिलसिला नहीं रुक रहा है। खेत खरीदने के बाद तमाम कॉलोनाइजर अवैध तरीके से कॉलोनियां विकसित कर यहां भूखंडों की बिक्री कर रहे हैं।
कॉलोनियों की वैधता को लेकर डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी केे नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की है। जांच में 26 कॉलोनियों में 25 अवैध पाई थीं। हालांकि तहसील प्रशासन अब अवैध कालोनियों की संख्या सिर्फ 11 ही बता रहा है। इन कॉलोनियों का जिला पंचायत से नक्शा पास न होना, कई की जमीन अकृषिक नहीं होना पाया गया।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम से सपा नेता मोहम्मद मियां खां ने शिकायत कर अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कराने की मांग की। शनिवार शाम को नायब तहसीलदार ऋषि श्रीवास्तव, जिला पंचायत के इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह, राजस्व निरीक्षक केके शुक्ला, हल्का लेखपाल आदि ने गांव गैरतपुर जप्ती में विकसित की जा रहीं दो कॉलोनियों को ध्वस्त करा दिया।