सराफ की दुकान के शोकेस से चोरी करता युवक। स्रोत वीडियो ग्रेब
पीलीभीत। शहर के सराफा बाजार में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। एक युवक ने दुकान में घुसकर शोकेस में रखी दो सोने की चेन पार कर दी और मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के लाल रोड स्थित बाजार में बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे यह घटना हुई। दुकान स्वामी राजू चंद्र ने बताया कि वह दोपहर में भोजन करने के लिए दुकान के पीछे स्थित अपने घर चले गए थे। इस दौरान दुकान पर उनका एक मानसिक अस्वस्थ नौकर था। आरोप है कि इसी बीच एक युवक दुकान पर आया और मौके का फायदा उठाकर शोकेस में रखी दो सोने की चेन चोरी कर ली।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से वहां से निकल गया और किसी को भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब दुकान मालिक लौटे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें आरोपी की पूरी हरकत कैद हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। कोतवाल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसकी धरपकड़ कर घटना का खुलासा किया जाएगा।