जिले में 69 केंद्रों पर शामिल होंगे 41,821 परीक्षार्थी, नकल रोकने के लिए कड़ी व्यवस्था
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं के मद्देनजर स्ट्रांग रूम से लेकर परीक्षा केंद्रों तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। परिषद की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के सुचारु आयोजन के लिए जिले को सात जोन और 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की सीधी जिम्मेदारी तय की गई है। इस वर्ष जनपद में कुल 41,821 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 23,241 और इंटरमीडिएट के 18,580 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षार्थियों के लिए जिले भर में कुल 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर युक्त निगरानी व्यवस्था और स्ट्रांग रूम की सुविधा सुनिश्चित की गई है। नकल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी करीब तीन हजार शिक्षकों को सौंपी गई है, इनमें 1,900 परिषदीय और 1,100 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवाद