अमरिया। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर माधोपुर चौराहे के पास पेट्रोल पंप के सामने कार से बचने के प्रयास में दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव ग्वालपुर निवासी छत्रपाल, सुभाषनगर बरेली निवासी उमेश कुमार, बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी कुलदीप, बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम परेवा तुर्राह निवासी रमाकांत और कानपुर निवासी मोहित बाइक से अपने गांव जा रहे थे। माधोपुर चौराहे के पास अचानक सामने आई कार से बचने के प्रयास में दोनों बाइकें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। हादसे में पांचों बाइक सवार घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी। संवाद