पीलीभीत। दियोरिया–बीसलपुर हाईवे पर शुक्रवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हुए दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा दियोरिया बीसलपुर मार्ग पर मंगलम मैरिज लॉन, टेहरी के पास हुआ। बाइक सवार रिंकू (26) पुत्र बृजपाल गंगवार निवासी बिहारीपुर हीरा और सचिन कुमार (28) पुत्र श्रीकृष्ण रामलीला मेला देखने बीसलपुर जा रहे थे। तभी उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रिंकू को आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बी सलपुर ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान रिंकू की भी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बताया गया कि मृतक सचिन की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी और उसका एक बेटा है, जबकि रिंकू अविवाहित था। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।