पीलीभीत। हत्या के मुकदमे में तारीख लेने आए अधिवक्ता ओमपाल पर सिविल बार एसोसिएशन के प्रांगण में मंगलवार को जानलेवा हमला करने वाले दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। तीसरा आरोपी की तलाश जारी है। घायल अधिवक्ता का बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बुधवार को कचहरी में पुलिस ने सुरक्षा कवच मजबूत कर दिया। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने कचहरी पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कचहरी परिसर में लगे सिविल बार एसोसिएशन के प्रांगण में बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी निवासी अधिवक्ता ओमपाल पर तीन युवकों ने अचानक हमला किया। आरोपी बृजनंदन, सुरेंद्र और बाबू पुत्र जसपाल ने कुर्सी पर बैठे अधिवक्ता पर बांके से ताबड़तोड़ प्रहार किए। यह हमला उसी हत्या के मुकदमे से जुड़ा था, जिसमें ओमपाल आरोपी है। वह इस मामले में तारीख लेने आया था।
कचहरी गेट पर सुरक्षा में तैनात उपनिरीक्षक अरविंद त्यागी ने समय रहते अधिवक्ता को बचाया। पुलिस ने मौके से बृजनंदन और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा आरोपी भाग गया था। मामले में मंगलवार देर शाम अधिवक्ता के भाई रामेश्वर दयाल की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बुधवार को गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद अदालत में आरोपी पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। कोतवाल और आसपास के थानों के अधिकारी फोर्स के साथ मौजूद रहे। न्यायालय सुरक्षा बल ने भी कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघनता से चेकिंग की। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि कोर्ट का सुरक्षा कवच और मजबूत किया गया है। चेकिंग के बाद कोर्ट परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है।
-