बीसलपुर। खाद की समस्या पर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने पर अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। जिला सहायक निबंधक के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी ने बुधवार को गांव गुलैंदा के गोदाम में अपनी मौजूदगी में किसानों को खाद का वितरण कराया।
गांव में मंगलवार को सहकारिता विभाग के गोदाम में खाद वितरण करने वाले कर्मचारी ने कुछ किसानों को खाद बांट दी। बाद में बहाने से गोदाम बंद कर चला गया था। इसके बाद किसान खाद लेने के लिए काफी परेशान होते रहे। किसानों ने सहकारिता विभाग के विरोध में प्रदर्शन भी किया था।
अमर उजाला ने बुधवार के अंक में खाद न मिलने पर किसानों ने किया विरोध प्रदर्शन शीर्षक से सचित्र समाचार प्रकाशित किया। प्रकाशित समस्या का संज्ञान लेते ही जिला सहायक निबंधक ने सहायक विकास अधिकारी लाल सिंह को मौके पर जाकर अपनी मौजूदगी में खाद वितरण कराने के निर्देश दिए। उसके बाद सहायक विकास अधिकारी ने गोदाम पर पहुंचकर अपनी मौजूदगी में किसानों को खाद का वितरण कराया।