पीलीभीत के पूरनपुर कस्बे के तिरंगा चौराहे के समीप बुधवार को खटीमा उत्तराखंड के युवक के साथ खरीदारी करने आई एक युवती से अभद्रता की गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते और लंगड़ाते नजर आ रहे हैं।
बुधवार को तिरंगा चौराहे के समीप उत्तराखंड निवासी युवक युवती के साथ घूमने और खरीदारी करने आया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया। युवती से पूछताछ करते हुए उसे खरी-खोटी सुनाई। युवक और युवती को रोके जाने की जानकारी पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई।
युवती बोली- दोस्त के साथ मर्जी से आई
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से दोस्त के साथ घूमने और खरीदारी करने आई थी। उसने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने बेवजह उन्हें रोककर अभद्रता की। युवती की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने राहिल निवासी मोहल्ला बमनपुरी, वार्ड नंबर चार, पूरनपुर और अफजल निवासी मोहल्ला लाइनपार साहूकारा, वार्ड नंबर 12, पूरनपुर को हिरासत में लिया। पुलिस अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते और लंगड़ाते दिखाई दे रहे हैं। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि युवती की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।