मोदी की रैली में जिले से भी हजारों की संख्या में भाजपाई बरेली पहुंचे। 2017 में टिकट के दावेदारों में भीड़ दिखाने की होड़ दिखी। जिला महामंत्री दीपक अग्रवाल ने जिले से 20 हजार कार्यकर्ताओं के रैली में पहुंचने का दावा किया है।
मोदी की रैली में भीड़ जुटाने को कई दिन पहले से ही भाजपाई जुटे थे। कुछ प्रांतीय स्तर के नेताओं ने भी यहां पहुंच डेरा जमा इसके लिए खास कर उन लोगों से संपर्क किया था जो वर्ष 2017 में पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। इसके अलावा जिला संगठन से जुड़े तमाम पदाधिकारी के साथ मेनका गांधी के समर्थक भी अलग-अलग भीड़ जुटाने में विधानसभा वार जुटे थे। जिला महामंत्री दीपक अग्रवाल ने जिले से 20 हजार कार्यकर्ताओं के रैली में पहुंचने का दावा किया है। सदर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा नेता संजय गंगवार की अगुवाई में तमाम कार्यकर्ता पहले संजय रायल पार्क पर जमा हुए तथा वहीं से हाथ में रैली का पोस्टर आदि लेकर बस, मैजिक, जीप व कार से नारेबाजी करते हुए रैली के लिए रवाना हुए। इसके अलावा पार्टी जिला महामंत्री दीपक अग्रवाल, प्रदीप नवरंग, बीके गुप्ता, पूरनपुर से अशोक राजा, गुरभाग सिंह, बीसलपुर से भाजपा विधायक रामसरन समेत तमाम नेता अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वाहनों से रैली में पहुंचे।