घुंघचाई। खेत में खड़ा नीम का पेड़ बगैर परमिट के काट दिया गया। इसकी किसी ने सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीण को हिरासत में लेने के बाद उसको वन विभाग के सुपुर्द कर दिया। वन विभाग ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव सिमरिया तालुके अजीतपुर बिल्हा निवासी तिलकराम के खेत में नीम का पेड़ खड़ा था। बुधवार को तिलकराम ने बगैर परमिट के खेत में खड़े पेड़ को काट दिया। जब वह ट्रैक्टर ट्राॅली में लकड़ी भरकर दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान किसी ने स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर घुंघचाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने लकड़ी को कब्जे में लेते हुए गांव के ही श्रीपाल के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस तिलकराम को हिरासत में लेकर थाने आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने पकड़े गए पेड़ स्वामी को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।
घुंघचाई थाने के दरोगा तरुण कुमार ने बताया मामले की सूचना पर मौके पर गया था। पकड़े गए ग्रामीण को वन विभाग को सौंप दिया है। वन रक्षक सुरजीत सिंह ने बताया तिलक राम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।