केंद्र सरकार की गलत नीतियों के विरोध में शहर कांग्रेसियों ने सामूहिक
जनचेतना यात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं को किसान हित में संघर्ष करने की शपथ
दिलाई गई।
प्रांतीय आह्वान पर शहर कांग्रेस के नेतृत्व में
कांग्रेसियों ने बुधवार को मधुबन कॉलोनी स्थित कार्यालय से सामूहिक जनचेतना
यात्रा निकाली। जिला प्रभारी व कांग्रेस सचिव अनुज गंगवार ने कार्यकर्ताओं
को किसान हित में संघर्ष करने की शपथ दिलाई। जन चेतना यात्रा छतरी चौराहा
होते हुए स्टेशन चौराहा स्थित नेहरू पार्क में जाकर सभा में तब्दील हो गई।
जिला प्रभारी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसान विरोधी है। बताया कि
बरेली मंडल में फसलों के चौपट होने के बाद अब तक करीब 34 किसान आत्महत्या
कर चुके हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से भेदभाव रहित सर्वे कराकर मुआवजा
देने की मांग की।
पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश दीक्षित ने कहा कि केंद्र
सरकार को केवल पूंजीपतियों की चिंता है। किसानों की भूमि पर जबरन कब्जे किए
जा रहे हैं। कांग्रेस आमजन की लड़ाई लड़ने को कमर कस चुकी है। वरिष्ठ
कांग्रेसी नेता राजेश सिंघल ने केंद्र की गलत नीतियों के खिलाफ सबको एकजुट
होने का आह्वान किया।
चेतना यात्रा में शहर अध्यक्ष वसुंधरा सुरभि,
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशीला आर्या, नीलम चंदवरिया, आशुतोष
अग्निहोत्री, नरेश शुक्ला, सूरज शर्मा, रितु जौहरी, नवीजान अंसारी, असलम
अंसारी, अमित गुप्ता, राजेश कटियार, संजीव महंत आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।