संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर बुधवार को गांधी सभागार में पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, मतपेटी के रखरखाव, सीलिंग, तकनीकी औपचारिकताओं और मतदान केंद्र पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। जिले में 23 अक्तूबर को मतदान होना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदान के दौरान किसी तरह की लापरवाही न हो और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। इस दौरान सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।