शारदा नदी के धनाराघाट पर बना पैंटून पुल।संवाद
पूरनपुर। मौनी अमावस्या पर शारदा नदी के धनाराघाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की आशंका पर बुधवार को पैंटून पुल से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। पुल से भीड़ एक साथ न निकले, इसकी भी निगरानी होगी। पुल से आवागमन बंद होने से शारदा नदी पार आवागमन करने वालों को 30 की जगह 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।
शारदा पार के गांवों में जाने के लिए हर साल शारदा नदी पर पैंटून पुल बनाया जाता है। बरसात से पहले 15 जून को पुल हटाने और बरसात समाप्त होने पर 15 अक्तूबर को पुल बनाकर आवागमन की तिथियां निर्धारित हैं।
नदी पर पैंटून पुल हटने पर शारदा पार के लोगों को तहसील मुख्यालय और तहसील मुख्यालय से शारदा पार के गांव में जाने-आने के लिए 30 की जगह 130 किलोमीटर खुटार, मैलानी, पलिया, संपूर्णानगर होते हुए आवागमन करना पड़ता है। बुधवार को मौनी अमावस्या है। इस दौरान शारदा नदी के धनाराघाट पर मेला लगेगा।
एसओ हजारा प्रकाश सिंह ने बताया कि बुधवार को पुल से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। बाइक सवार भी पुल से नहीं गुजर सकेंगे।