पूरनपुर। असम हाईवे पर जर्जर और संकरे हरदोई ब्रांच नहर पुल पर जाम से लोगों को निजात नहीं मिल पा रहा है। बृहस्पतिवार आधी रात को पुल पर एक ट्रक खराब होने से करीब दो घंटे जाम लगा। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लगी। कई वाहन चालकों को दूसरे मार्गों से निकलना पड़ा। इससे लोगों ने काफी परेशानी झेली।
असम हाईवे पर पूरनपुर से 10 किलोमीटर पर स्थित जर्जर हरदोई ब्रांच नहर पुल हादसे को दावत दे रहा है। पुल जून 2016 क्षतिग्रस्त हो गया था। तब भारी वाहनों का आवागमन कई दिन तक बंद रहा था। उस समय जिले में तैनात रहे डीएम मासूम अली सरवर ने एनएच, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आदि के साथ निरीक्षण किया था। निरीक्षण में एनएच के अफसरों ने पुल की निचली सतह का ठीक होना बताया था। साथ ही पुल के दोनों ओर की मरम्मत और रेलिंग निर्माण की जरूरत की जानकारी दी थी। उनका तर्क था कि पुल अभी दो साल तक और चलेगा। डीएम ने पुल की मरम्मत कराने के साथ नए पुल का प्रस्ताव भेजने के निर्देश अफसरों को दिए थे। मरम्मत के बाद पुल संकरा हो गया। इससे यहां अक्सर जाम लग जाता है। बृहस्पतिवार आधी रात को पुल पर एक ट्रक खराब होने से फिर जाम लग गया। करीब दो घंटे तक लगे जाम में पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कई छोटे वाहन सवारों ने अन्य मार्गों से अपने वाहन निकाले। बाद में एकत्र हुए कुछ लोगों ने खराब हुए ट्रक को हटाकर एक साइड में कराया। जब कहीं आवागमन सुचारू हो सका।
वाहन चालकों की होड़ पर अक्सर लग जाता है जाम
पुल संकरा होने पर वाहन चालकों में पहले निकलने की होड़ मचती है। ताकि दूसरी तरह से वाहनों की लंबी लाइन होने पर उनको इंतजार न करना पड़े। होड़ को लेकर दोनों ओर से पुल पर अक्सर वाहनों के आमने सामने पहुंचने पर वर्चस्व को लेकर अक्सर वाहन चालक भिड़ते हैं।