कांट। कांट-जलालाबाद मार्ग पर जरावन गांव के पास मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक गोवंशीय पशु सामने आने से कांवड़ियों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 25 कांवड़िये घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस गंभीर 13 घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजकर भर्ती कराया। अन्य घायलों का सीएचसी कांट में उपचार कराया गया।
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव बहानपुर बनवारी से 55 कांवड़ियों का जत्था ट्रैक्टर में ट्रॉला जोड़कर फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से जल लेने जा रहा था। ट्रॉला पर डीजे बज रहा था और कांवड़िये भजनों पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। लिपुलेख-भिंड हाईवे पर जरावन गांव के पास ट्रैक्टर अपनी लेन में चल रहा था। इसी दौरान अचानक सामने गोवंशीय पशु आ गया। चालक ने बचाने के लिए ब्रेक लगाया तो ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉला पलट गया और उसमें सवार कांवड़िये सड़क पर जा गिरे।
हादसे में घायल निशांत (19), सुशांत (21), अजय राठौर (14), सुरेंद्र राठौर (40), अरविंद (19), ईश कुमार (28), मोहित कुमार (28), निदेश (18), आयुष (14), राज वर्मा (17), आयुष वर्मा (17), नितेश कुमार (18) और सुखविंद को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं तारिम, कपिल, अविनाश, रजनीश, लकी, रवि कुमार, सोबिर, अनुभव और सतेंद्र को सीएचसी कांट में उपचार दिया गया। हादसे की सूचना पर एसपी सौरभ दीक्षित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ रूट पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए।
सड़क पर बिखरीं चप्पलें, मची अफरातफरी
ट्रॉला पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर कांवड़ियों की चप्पलें और सामान बिखर गया। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर-ट्रॉला को सड़क किनारे कराया। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका। वाहन को बाद में थाने में खड़ा करा दिया गया।
-
कर्मचारियों की ड्यूटी, फिर भी हाईवे पर पहुंच रहे गोवंशीय पशु
कांवड़ रूट पर गोवंशीय पशुओं को हाईवे पर आने से रोकने के लिए डीएम के निर्देश पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खंड विकास अधिकारी की ओर से लगाए गए कर्मचारी मौके पर नजर नहीं आते। इससे गोवंशीय पशु सड़क पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी गोवंशीय पशु के अचानक सामने आने से हादसा हो गया। संवाद