- घुंघचाई थाना क्षेत्र में पुन्नापुर और ऊंचे पुल के पास हुआ हादसा
- अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे मृतक, परिवारों में मातम का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। मैगलगंज हाईवे से पुन्नापुर होकर बाबा इकोहत्तरनाथ जाने वाले मार्ग पर सोमवार की दोपहर ओवरटेक के चक्कर में बाइक से टकराकर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक और ट्रैक्टर-ट्राॅली में बैठे किशोर की मौत हो गई। 14 से अधिक लोग घायल हो गए। चार घायलों को सीएचसी लाया गया। जबकि अन्य का इलाज निजी अस्पतालों में हुआ।
सोमवती अमावस्या पर सिरसा जंगल में स्थित बाबा इकोहत्तरनाथ मंदिर में मेला लगा था। घुंघचाई थाने के गांव दिलावरपुर निवासी शिवम (18), अपनी चचेरी बहन सुमन (17) पुत्री राजाराम, चाची सोनी (25) पत्नी धर्मपाल, चचेरे भाई अन्नू (6) और रितिक (8) के साथ बाइक से बाबा इकोहत्तरनाथ मंदिर जा रहा था।
गांव कबीरपुर कसगंजा से ट्रैक्टर-ट्राॅली सवार श्रद्धालु भी बाबा इकोहत्तरनाथ मंदिर जा रहे थे। ओवरटेक करते समय बाइक सवार ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गए। ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। पलटते ही ट्रैक्टर-ट्राॅली सवारों में कोहराम मच गया। राहगीरों ने लोगों के मदद से ट्रैक्टर-ट्राॅली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। इधर सभी बाइक सवार भी जख्मी हो गए।
घायल बाइक सवारों शिवम, सुमन, सोनी, अन्नू, रितिक व ट्राॅली सवार गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी छोटेलाल के पुत्र विशाल वर्मा (15) को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने शिवम और विशाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक सवारों के अलावा 10 अन्य श्रद्धालुओं को चोट आईं। इनको इलाज के लिए निजी अस्पतालों में ले जाया गया।
-
अपने परिवार में इकलौते पुत्र थे शिवम और विशाल
हादसे में जान गंवाने वाला शिवम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन 12 साल की शिवानी है। शिवम के पिता मजदूरी करने हरियाणा गए हुए हैं। गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी विशाल भी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी छोटी बहनें हैं। इकलौते पुत्रों की मौत से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
-
प्रतिबंध के बाद भी रुक नहीं रहा ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से सफर
ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से सफर पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से सवारी लेकर चलना रुक नहीं रहा। धार्मिक स्थलों पर गांवों के अधिकतर लोग ट्रैक्टर-ट्राॅली से ही पहुंचते हैं।
विशाल फाइल फोटो ।
विशाल फाइल फोटो ।