कलीनगर। धूप खिलते ही शारदा डैम के बाहरी क्षेत्र में 10 से अधिक मगरमच्छों का कुनबा देखने के लिए शनिवार को सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शारदा सागर डैम क्षेत्र में रोजाना सैलानियों की आमद होती है। आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के चलते सैलानी कुछ देर रुकने के बाद लौट जाते हैं, लेकिन शनिवार को हल्की धूप निकलने से बाइफरकेशन और डैम क्षेत्र में सैलानियों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही। ऐसे में शारदा डैम से मगरमच्छों का कुनबा भी निकलकर बाहर आकर बैठ गया।
छोटे-बड़े 10 से अधिक मगरमच्छ देखकर सैलानियों की भीड़ लग गई। करीब दो घंटे तक मगरमच्छ बाहर रहे, इसके बाद पुनः पानी वाले क्षेत्र में चले गए। इस दौरान सैलानियों ने न सिर्फ उनके फोटो लिए बल्कि वीडियो भी बनाए।