पूरनपुर। विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी के मामलों की शिकायतें थम नहीं रहीं। खुटार के हरदीप को कनाडा का फर्जी स्ट्डी वीजा देकर सात लाख रुपये ठग लिए गए। रुपये वापस मांगने पर उसे फर्जी मुकदमा में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। इसके अलावा गांव पिपरिया मझरा निवासी गुरपाल से 14.35 लाख रुपये लेकर आस्ट्रेलिया का फर्जी वर्क वीजा थमा दिया। 9.62 लाख रुपये भी हड़प लिए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शाहजहांपुर के थाना खुटार के गांव बंछुलिया निवासी हरदीप सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि सिरसा मार्ग पर आईलेट सेंटर चलाने वाले हरसिमरन सिंह और उसकी पत्नी गौरव दीप कौर ने स्ट्डी वीजा पर उसे कनाड़ा भिजवाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये खाते से और 6.50 लाख रुपये अगस्त 2022 मेंं नकद लिए। इसके बाद उसे फर्जी वीजा पर सांठगांठ से दिल्ली से चेन्नई प्लेन से भिजवा दिया।
चेन्नई पहुंचने पर दूतावास से उसे फर्जी वीजा होने की जानकारी दी गई। आरोप है कि उसका वीजा पहले ही कनाडा ने निरस्त कर दिया था। इसकी जानकारी गौरव दीप कौर ने छिपाए रखी। चेन्नई से लौटने पर उसने अपने रुपये वापस मांगे। तब उसे रुपये दूतावास और फीस पर खर्च होने की जानकारी दी गई। रुपये मांगने या कार्रवाई करने पर उसे झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
दूसरे मामले में थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांंव पिपरिया मझरा निवासी गुरपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि नगर के राम होटल के सामने आईलेट चलाने वाले आईलेट संचालक गांव उदयकरनपुर निवासी दलजीत सिंह और उसके साथी हरपाल सिंह ने वर्क वीजा दिलाने के लिए 20 लाख रुपये तय किए थे। इसमें से 11.85 लाख रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए और 2.50 लाख रुपये नकद लिए।
12 मई 2023 को दलजीत ने फोन कर बताया कि आस्ट्रेलिया का उसका वर्क वीजा आ गया है। वीजा को लेने के लिए चंडीगढ़ हेड ऑफिस चलने की बात कही। चंडीगढ़ पहुंचने पर उसे आस्ट्रेलिया का फर्जी वर्क वीजा थमा दिया गया। वीजा फर्जी होने की जानकारी पर उसने फोन पर दलजीत को दी। तब दलजीत ने उसे अपने घर बुलाया।
घर पर दलजीत और उसके साथी हरपाल ने 4.73 लाख रुपये लौटा दिए। 9.62 लाख रुपये 20 अक्तूबर 2024 तक देने का वायदा किया। मगर इसके बाद रुपये न देकर टालमटोल की जाने लगी। रुपये वापस न मिलने पर उसने 24 फरवरी 2025 को पूरनपुर कोतवाली में हुए शिविर में उसने शिकायत की। मगर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि एसपी के आदेश पर दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मलेशिया भेजने के नाम पर दो युवकों से सात लाख ठगे
- रुपये मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की दी धमकी
- गजरौला पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मलेशिया भेजने के नाम पर दो युवकों से सात लाख रुपये की ठगी कर ली गई। टिकट पाने के लिए पीड़ित बीस दिन तक कोलकाता में रहा। टिकट न मिलने पर पीड़ित घर लौटे और आरोपी से रुपये वापस मांगे। इस पर दोनों को धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैै।
गजरौला थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव निवासी राजीव कुमार व अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से गजरौला पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गांव के ही राजाराम, लाला क्षेत्र के ग्राम संडई निवासी राजेंद्र संधु के यहां काम करते थे। राजेंद्र संधु लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। विश्वास में आकर वह लोग भी घर जाकर उससे मिले। इस पर आरोपी राजेंद्र संधु ने मलेशिया भेजने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की। दोनों ने अलग-अलग माध्यमों से सात लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
आरोप है कि दोनों को कंप्यूटर से मलेशिया का वीजा निकालकर दे दिया गया। आठ दिसंबर 2023 को कोलकाता से फ्लाइट होने की बात कहकर बरेली-हावड़ा ट्रेन से दोनों का रिजर्वेशन कराया गया। आठ दिसंबर को दोनों कोलकाता पहुंच गए। वहां पहुंचकर बातचीत करने पर आरोपी ने नौ दिसंबर को टिकट मिल जाने की बात कही।
आरोप है कि बीस दिन तक टिकट न मिलने पर दोनों लौट आए। आरोपी से रुपये मांगे गए। आरोप है कि 10 जनवरी 2025 को वह राजेंद्र संधु के घर पर गए तो उसने रुपये वापस करने से मना करते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।