पीलीभीत। युवती को बहाने से सुनसान जगह पर ले जाकर एक युवक ने आपत्तिजनक फोटो खींचे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। कुछ समय बाद आरोपी फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान करने लगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जहानाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी एक युवक से फोन पर बात होती थी। उक्त युवक ने उसका मोबाइल नंबर एक अन्य युवक को दे दिया। डेढ़ माह पूर्व उक्त युवक ने उसे फोन कर जरूरी बात करने को कहकर शहर के निकट एक तिराहे पर बुलाया। विश्वास कर वह वहां पहुंच गई। इसपर आरोपी ने उसे बहाने से बाइक पर बैठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ छेड़खानी की और आपत्तिजनक फोटो खींचे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इज्जत की खातिर उसने किसी को यह बात नहीं बताई। आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी उसके फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। 30 सितंबर को वह लालपुर चौराहे पर खड़ी थी, इस दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उसके साथ छेड़खानी की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।