बीसलपुर। एसडीएम ने राशनकार्ड सत्यापन की संबंधित अधिकारियों की ओर से भेजी गई गोलमोल रिपोर्ट को अस्वीकृत करते हुए वापस कर दिया है। अधिकारियों को स्पष्ट रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
करीब तीन माह पूर्व तत्कालीन एसडीएम महीपाल सिंह ने तहसीलदार, बीसलपुर, बिलसंडा, बरखेड़ा के खंड विकास अधिकारी और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के राशनकार्डों का यथा शीघ्र सत्यापन करने के निर्देश दिए थे। राशनकार्डों का सत्यापन पूरा होने से पहले ही एसडीएम का तबादला हो गया औैर उनके स्थान पर नए एसडीएम नागेंद्र पांडेय आ गए।
इस दौरान उक्त अधिकारियों ने एसडीएम के निर्देश पर राशनकार्डों की सत्यापन रिपोर्ट क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के कार्यालय में भेज दी। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने जब उस रिपोर्ट का अवलोकन किया तो उसमें तथ्य असष्ट पाये गए। नियमानुसार सत्यापन रिपोर्ट स्पष्ट होनी चाहिए। इस पर खाद्य अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों द्वारा राशनकार्ड सत्यापन की भेजी गई गोलमोल रिपोर्ट की जानकारी एसडीएम को दी।
एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को वह रिपोर्ट वापस कर राशनकार्ड सत्यापन की स्पष्ट रिपोर्ट भेजने के सख्त निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा है कि रिपोर्ट में तथ्यों को पूरी तरह से स्पष्ट किया जाए कि कौन सा राशनकार्ड धारक पात्र है और कौन सा अपात्र है। एसडीएम की ओर से गोलमोल रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को वापस करने और उनसे स्पष्ट रिपोर्ट मांगने की पुष्टि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज शर्मा ने की है।