पूरनपुर। देहात के विद्युत उपकेंद्र में अब आठ एमबीए के स्थान पर 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। नया ट्रांसफार्मर सोमवार को पहुंच गया। नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए देहात विद्युत उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम आठ बजे तक बाधित रहेगी। इससे करीब 12 हजार उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
नगर में तीन उपकेंद्र्र हैं। इनमें से एक सब स्टेशन से नगर के उपभोक्ताओं को, दूसरे से देहात के उपभोक्ताओं और तीसरे से गांव खमरिया पट्टी के समीप औद्यौगिक सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति दी जाती है। नगर के उपकेंद्र से 18 हजार से अधिक, देहात से 12 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है।
उप खंड अधिकारी मोहित गुप्ता ने बताया कि देहात में अब तक आठ एमबीए ट्रांसफार्मर से चार फीडर मुजफ्फरनगर, पिपरिया दुलई, सबलपुर और गोपालपुर को बिजली आपूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता बढ़ने पर आठ की जगह 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था।
स्वीकृत होने के साथ सोमवार को ट्रांसफार्मर सब स्टेशन पहुंच गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को देहात के विद्युत सब स्टेशन से पुराना आठ एमबीए का ट्रांसफार्मर हटाकर नया 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इससे देहात की बिजली आपूर्ति सुबह नौ बजे से शाम आठ बजे तक बाधित रहेगी।