पीलीभीत- शाहगढ़ रेलखंड पर 30 मार्च को प्रस्तावित है सीआरएस निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पीलीभीत- शाहगढ़ के बीच रेलवे लाइन का काम पूरा होने के बाद 30 को सीआरएस निरीक्षण होगा। इससे पहले बुधवार को गोरखपुर के अधिकारी रेलखंड पर कराए गए विद्युत कार्यों को देखेंगे।
कई वर्षों से चल रहा पीलीभीत-शाहगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच काम अब पूरा हो गया है। विद्युतीकरण में वायरिंग के बाद इसकी जांच कर ली गई है। अब सिर्फ ट्रेनों का संचालन होना ही शेष है। इसके लिए हरी झंडी का इंतजार हो रहा है।
इस रूट पर सीआरएस निरीक्षण को लेकर भी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। पूर्व में कई स्तर के निरीक्षण में ट्रैक सही पाया गया था। रेलखंड की जांच के बाद सीआरएस निरीक्षण के लिए पत्रावली भेजी गई थी। गोरखपुर से इसकी सूचना भी आ गई है। इसमें 30 मार्च को सीआरएस निरीक्षण की संभावित तारीख बताई गई है।
बुधवार को गोरखपुर की टीम इस रूट पर कराए गए विद्युतीकरण के काम को देखेगी। गोरखपुर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल इस रेलखंड पर कार्य देखेंगे। साथ ही पूरनपुर में विद्युत गृह का भी निरीक्षण करेंगे। सेक्शन प्रभारी कृष्ण मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि वायरिंग का काम पूरा हो गया है। अब सीआरएस निरीक्षण होने का इंतजार किया जा रहा है। सभी तैयारी पूरी हैं। सीआरएस निरीक्षण होने के बाद जल्द ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।