बाघिन के हमले में घायल युवक के इलाज के लिए वन विभाग ने डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहयोग से पांच हजार की धनराशि उपलब्ध कराई है। बुधवार को अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल को नगद धनराशि प्रदान की।
अमरिया क्षेत्र के ड्यूनी डॉम के निकट रानी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय विश्वजीत बारोई पर मंगलवार को बाघिन ने उस समय हमला कर घायल कर दिया था, जब वह मग्गर फार्म पर अन्य मजदूरों के साथ खेत में काम का रहा था। गांव वालों ने उसे वन विभाग के सहयोग से जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। घटना के बाद सामाजिक वानिकी व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम ने घटना स्थल जाकर निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना। बाघिनी के हमले की पुष्टि होने पर बुधवार को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से इलाज के लिए पांच हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके लिए सामाजिक वानिकी के क्षेत्राधिकारी वीरपाल सिंह एवं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी नरेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल विश्वजीत बारोई को धनराशि प्रदान की। उधर, सामाजिक वानिकी की टीम बाघिन की निगरानी कर रही है। रेंजर वीरपाल सिंह ने बताया कि बाघिन घटना के बाद रात को वहां घूमती रही, लेकिन सुबह उसकी लोकेशन घटना स्थल से पांच किमी दूर भरा पचपेड़ा क्षेत्र में मिली।