पीलीभीत। आई लव मोहम्मद प्रकरण को देखते हुए शनिवार को निकाले जाने वाले जुलूस-ए-गौसिया को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। सुरक्षा की दृष्टि से जिले के अलावा तीन अन्य जिलों का पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पूरे शहर को पांच जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित कर नौ स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।
जुलूस शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे हशमत नगर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होता हुआ वापस हशमत नगर पर ही संपन्न होगा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार शाम सदर कोतवाली में पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर जुलूस के दौरान ड्यूटी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में दो एएसपी, सात सीओ, 21 थाना प्रभारी, 66 सब इंस्पेक्टर, 65 एचसीपी और 235 कांस्टेबल लगाए गए हैं। इसके अलावा बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर से भी फोर्स बुलाया गया है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी को जुलूस का प्रभारी बनाया गया है।
पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए मोहल्ला पंजाबियान, गुरुद्वारा रोड, फीलखाना, धुनो वाला चौराहा, मदीनाशाह, लाल रोड, शाहजी मियां मजार और छोटी मार्केट पर बैरिकेडिंग की गई है। जुलूस को शांतिपूर्ण और पारंपरिक तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है।