चार दिन पहले युवक को मार चुका है बाघ, निगरानी के नाम पर हो रही खानापूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। न्यूरिया के पंडरी गांव के युवक को मारने के बाद बाघ अभी गांव के आसपास ही घूम रहा है। मामले को लेकर डीएम ने सामाजिक वानिकी से पूरी जानकारी ली। विभाग ने बाघ को ट्रैंक्युलाइज करने की अनुमति मांगे जाने की जानकारी दी है। डीएम ने टीम लगाकर निगरानी के निर्देश दिए हैं।
चार दिन पहले न्यूरिया के गांव पंडरी निवासी पंकज को बाघ ने हमला कर मार डाला था। जानकारी मिलने पर भी वन विभाग की टीम काफी देर बाद पहुंची थी। सुरक्षा के नाम पर भी कुछ नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ लगातार इसी क्षेत्र में घूम रहा है। दो बाघ हैं। बाघ को पकडा नहीं जा रहा है।
बृहस्पतिवार को डीएम संजय कुमार सिंह ने मामले को लेकर सामाजिक वानिकी के प्रभारी डीएफओ अंजनी कुमार से जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि मौके पर पांच कैमरों और पिंजरा लगाया गया है। टीम निगरानी कर रही है। इस पर डीएम ने बाघ को पकड़ने की बात कही। प्रभारी डीएफओ ने बताया बाघ को ट्रैंक्युलाइज करने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।