पूरनपुर। हरीपुर जंगल से निकला बाघ गांव बिलहरी की आबादी के समीप पहुंच गया। कुछ लोगों ने खेतों में बाघ घूमते देखकर इसकी जानकारी वन विभाग के अफसरों को दी। हरीपुर रेंज और वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी।
हरीपुर जंगल से कुछ दूरी पर गांव बिलहरी है। जंगल से अक्सर बाघ, तेंदुए निकलकर आबादी के समीप आ जाते हैं। बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने गांव के समीप खेत में बाघ को घूमते देखा। इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी। बाघ की चहलकदमी से लोग खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।
सूचना पर बृहस्पतिवार को हरीपुर रेंज और वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची। हरीपुर रेंजर वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि टीम को एक किसान के खेत में बाघ के पगचिह्न मिले हैं। इस पर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि टीमों को बाघ की निगरानी के लिए लगाया गया है। शुक्रवार को बाघ की लोकेशन टीमों को नहीं मिल सकी। संवाद